
वार्ड नंबर-43 में लोक मिलनी समारोह में विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने सुनीं लोगों की समस्याएं
लोक नायक संवाद/सिटी रिपोर्टर
मोगा- पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मोगा विधानसभा क्षेत्र की आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने वार्ड नंबर 43 में लोक मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। लोक मिलनी कार्यक्रम में मोगा नगर निगम की मेयर विनयपाल कौर, सीनियर डिप्टी मेयर काला बजाज, डिप्टी मेयर गौरव गर्ग, पार्षद रेनू रानी, अजय कुमार, युवा नेता दविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, हंसराज सिंह नाहर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार लोगों से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब का एक ही नारा है भगवंत मान सरकार दोबारा। जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मोगा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार जारी रहेगी तथा प्रत्येक वर्ग की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, सीवरेज, पेयजल, सफाई और अन्य स्थानीय समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं, उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए विधायक का आभार भी व्यक्त किया।

















