Uncategorized

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सम्भल में सम्भल एवं चन्दौसी विधान स…


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सम्भल में सम्भल एवं चन्दौसी विधान सभा क्षेत्रों की 569 करोड़ रु0
से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

लोक नायक संवाद/संदीप वाजपेई 

लखनऊ –मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के विकसित व आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना तभी पूरी होगी, जब प्रदेश का विकास होगा। जब सभी जनपद आत्मनिर्भर होंगे, तो उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भर होगा और इसके लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना है। सम्भल ने विरासत और विकास की जो अपनी यात्रा प्रारम्भ की है, हम सब मिलकर उसको आगे बढ़ाएंगे।
मुख्यमंत्री  आज जनपद सम्भल में इण्टीग्रेटेड मुख्यालय भवन स्थल (नवीन कलेक्ट्रेट परिसर) में सम्भल एवं चन्दौसी विधान सभा क्षेत्रों की 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की प्रतीकात्मक चाभी, कैशलेस चिकित्सा कार्ड, आवासीय भूमि का पट्टा आदि का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा महिलाओं की गोदभराई की। मुख्यमंत्री  ने परिसर में मौलश्री पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि जनपद सम्भल के चंदौसी में भगवान गणपति की 145 फीट और प्रभु श्रीराम की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण करने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जनपद सम्भल भगवान श्री हरि विष्णु की पावन धरा है। पूर्व में यहां के तीर्थों को नष्ट किया गया था। प्रधानमंत्री  के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने 68 तीर्थों के पुनरुद्धार एवं 19 कूपों को पुनर्जीवित करने का कार्य प्रारम्भ किया है। 24 कोसी परिक्रमा के कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत की गयी है। यहां पर बहजोई में पुलिस लाइन्स का निर्माण भी किया जा रहा है। जनपद सम्भल में पी0ए0सी0 बटालियन का गठन भी किया जा रहा है। इण्टीग्रेटेड डिस्ट्रिक्ट हेड क्वार्टर भी बनने जा रहा है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि जनपद सम्भल के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों को 4-लेन व 2-लेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही, गंगा एक्सप्रेस-वे को मेरठ-हरिद्वार से जोड़ते हुए प्रयागराज तक कनेक्टिविटी बेहतर की जा रही है। जब यहां पर भगवान कल्कि का अवतार होगा, तब देश और दुनिया एक तीर्थ के रूप में हरिहर मंदिर का दर्शन कर पाएगी। अपनी विरासत का संरक्षण करना हर नागरिक का दायित्व बनता है। जनपद सम्भल में विकास की प्रक्रिया तीव्र गति से आगे बढ़ रही है। आज यहां पर विकास भी है, विरासत का संरक्षण भी है। एक छत के नीचे हम ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं, जहां सभी लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। लैण्ड रिकॉर्ड ऐसा होगा, कि कोई भी व्यक्ति किसी की जमीन पर कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकेगा।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि अच्छी सड़क, रेल और वायु कनेक्टिविटी हमारी वर्तमान और भविष्य की प्रगति का आधार बनती है। यह प्रगति समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। यह विकास सम्भल में दिखाई देता है। यहां के प्रोडक्ट को आज वैश्विक मान्यता मिल रही है। प्रधानमंत्री जी ने सिंथेटिक मेंथा में ज्यादा टैक्स लगाया है। उन्होंने किसानों द्वारा उत्पादित मेंथा के टैक्स की दरों में कमी की है। इसका लाभ सम्भल के मेंथा उत्पादक किसानों को मिल रहा है। यहां पर अच्छे विद्यालय बन रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ-सबका विकास की बात कही है। प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक गरीब, किसान, नौजवान, महिला तक पहुंच रहा है। आज प्रत्येक लाभार्थी के खाते में पूरा पैसा सीधे जाता है। इसमें बीच में कोई रोकटोक नहीं होती है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि कोई भी बेटी और व्यापारी की सुरक्षा पर सेंध नहीं लगा सकता है। आज प्रदेश में कर्फ्यू और दंगा नहीं होता है। हम एक नये युग में प्रवेश कर रहे हैं। सुरक्षा सुशासन की आधारशिला है और सुशासन निवेश की आधारशिला है। निवेश आएगा तो रोजगार भी आएगा। आज जब हम नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र वितरित करते हैं, तो उसमें जनपद सम्भल का नौजवान भी आता है। कोई पुलिस में भर्ती हो रहा है, कोई अधिकारी बन रहा है, कोई शिक्षक बन रहा है, कोई तहसीलदार और कोई एस0डी0एम0 बन रहा है। सम्भल के नौजवान भी उसमें भागीदार बन जाते हैं। आज बिना भेदभाव लोगों को प्रत्येक योजना का लाभ मिल रहा है। 65 लाख गरीबों को सिर ढकने के लिए छत मिल गई है। 03 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए हैं। 10 करोड़ से अधिक पात्र लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है। 02 करोड़ लोगों को निःशुल्क एल0पी0जी0 कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। डबल इंजन सरकार में विगत 09 वर्ष में कोई दंगा नहीं हुआ।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने जनपद के लिए 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। सम्भल प्रदेश ही नहीं, देश में एक मॉडल के रूप में तैयार होगा।
इस अवसर पर सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जे0पी0एस0 राठौर, कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, विधान परिषद सदस्य श्री सत्यपाल सिंह सैनी, डॉ0 जयपाल सिंह व्यस्त सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles